Asia Cup: ‘14 सितंबर को एक और मजाक होगा…’, IND vs PAK मैच को लेकर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर के बयान से मची हलचल
पाकिस्तान के पूर्व बैटर बासित अली ने भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि एक और मजाक 14 सितंबर को होगा।
बता दें कि एशिया कप 2025 में भारत-पाक का मैच 14 सितंबर को ही होना है, लेकिन ये मैच खास संवेदनशील बन गया है,
क्योंकि दोनों देशों के बीच हाल ही में तनावपूर्ण घटनाओं की वजह से कई लोग मैच खेलने पर विरोध जताने लगे हैं। इस कड़ी में बासित अली के बयान से भी हलचल मच गई है।
दरअसल, आगामी एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025 India Vs Pakistan) आठ देशों का टूर्नामेंट होगा, जो अगले साल भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए एक अहम तैयारी इवेंट है।
यह टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें गत चैंपियन भारत 10 सितंबर को मेजबान यूएई से दुबई में मुकाबला करेगा।
इस इवेंट के लिए भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) को ग्रुप A में रखा गया है और इन दोनों देशों के बीच 14 सितंबर को मैच होने जा रहा है
इस बड़े मुकाबले से पहले पीसीबी के हालिया फैसलों पर बासित अली ने नाराजगी जताई है।
कुछ दिन पहले, पीसीबी ने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में उन्हें डिमोट कर दिया है। दोनों खिलाड़ी पहले A कैटेगरी में थे, लेकिन अब उन्हें B कैटेगरी में डाल दिया गया है।
बाबर और रिजवान के अलावा, बाकी खिलाड़ियों जैसे अबरार अहमद, फखर जमान, हैरिस राउफ, हसन अली, सलमान अली आगा, शादाब खान, और शाहीन शाह अफरीदी को भी B कैटेगरी में डाला गया है।
इसके अलावा, पाकिस्तान ने ICC रैंकिंग में निचले पायदान पर रहने के बाद टेस्ट कप्तान शान मसूद को B कैटेगरी से D कैटेगरी में डिमोट कर दिया है।
। तेज गेंदबाज नसीम शाह को भी आगामी टी20 टूर्नामेंट के लिए यूएई में बाहर किया गया है और उन्हें अनुबंध की तीसरी कैटेगरी में डाल दिया गया है।